चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा के पुलिस उप महानिरीक्षक ज्ञानेश्वर तिवारी ने पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अफसरों और थानाध्यक्षों की बैठक में नवरात्र और मोहर्रम त्योहार पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटी सी घटना की सूचना मिलने पर उसे गंभीरता से लें और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करें। इससे बड़ी घटना होने पर रोक लगेगी।
उन्होंने 24 घंटे पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। डीआईजी ने बैठक में कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिहिंत कर कार्रवाई करें। अराजकता फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कोतवाली प्रभारी व थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीट
इंचार्ज गतिविधियों पर नजर रखें। देवी मंदिरों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाए। आगामी विधानसभा चुनाव पर भी चर्चा करते हुए तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना, सीओ सदर धनंजय सिंह सहित सभी सीओ और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।