महोबा। जनपद की प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए धन आवंटन की मांग का मुद्दा बजट सत्र के दौरान विधान परिषद सदन में गूंजा। चरखारी निवासी एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए सदन का ध्यान आकर्षित कराया।
एमएलसी ने शुक्रवार को नियम 110 के तहत विधान परिषद सदन में यह मांग रखी। कहा कि जनपद महोबा के तहसील चरखारी के कुआं से पुन्नियां गांव तक लगभग छह किमी, बारी से बघारी गांव तक करीब पांच किमी व बलचौर से स्वासामाफ गांव तक लगभग तीन किमी तक तीनों गांवों की सड़कें व मार्ग बेहतर खराब हैं। इन तीनों गांवों से जुड़े ग्रामीणों को आवागमन मे कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को उपचार कराने के लिए शहर जाने के दौरान परेशानी होती है। सड़क खराब होने से कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी है। इन सड़कों व मार्ग का निर्माण कराया जाना जरूरी है। तीनों मार्ग के नवनिर्माण के लिए शासन स्तर से धन आवंटित कर इसे स्वीकृत कराया जाए। ताकि, जल्द सड़कों का काम शुरू हो सके। सभापति ने आवश्यक कार्यवाही के लिए सरकार को निर्देशित किया है।