महोबा। क्रशर प्लांट के मिस्त्री के साथ मारपीट व जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने के मामले में पूर्व मंत्री के भाई समेत चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। क्रशर प्लांट में जाकर मिस्त्री के साथ मारपीट करने और धमकाने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली के नथुपुरा गांव में सूरज स्टोन क्रशर संचालित है। इसमें हेड मिस्त्री के रूप में कार्यरत देवेंद्र श्रीवास ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 28 जनवरी की दोपहर वह क्रशर में काम कर रहा था। तभी कबरई निवासी पूर्व मंत्री सिद्धगोपाल साहू का भाई और पूर्व बसपा प्रत्याशी संजय कुमार साहू अपने तीन साथियों के साथ आए और गालीगलौज करते हुए जमीन में पटक दिया। आरोप लगाया कि संजय साहू के साथ तीन असलहाधारी भी शामिल थे। आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से पीटते हुए जातिसूचक शब्द भी कहे और दोबारा क्रशर में दिखने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने संजय साहू और तीन अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना की जांच कराई जा रही है। उधर, पूर्व मंत्री के भाई संजय साहू का कहना है कि आरोप गलत हैं। आरोप लगाने वाले व्यक्ति को न वह जानते हैं और न ही कोई बात हुई है। जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।