संवाद न्यूज एजेंसी
चरखारी (महोबा)। कोतवाली चरखारी के करहरा खुर्द गांव के समीप शनिवार की रात नकाबपोश चार बदमाशों ने भाजपा से चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत की निजी कार पर हमला कर दिया। बदमाशों ने हवाई फायरिंग करते हुए विधायक की कार पर डंडे से हमला कर दिया। जिससे कांच टूट गया जबकि गाड़ी में सवार विधायक के निजी सचिव बाल-बाल बच गए। बाद में बदमाश अपाचे बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के समय विधायक कार में सवार नहीं थे। निजी सचिव की तहरीर पर कोतवाली चरखारी में चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक व सीओ ने घटनास्थल पहुंच जांच की और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत का 12 दिसंबर को करहरा खुर्द गांव में एक निमंत्रण था। निजी कारण के चलते विधायक निमंत्रण में नहीं जा सके। उन्होंने अपने निजी सचिव रोहित कटियार को अपनी गाड़ी व निजी सुरक्षा के साथ निमंत्रण में भेजा। कार में निजी सचिव के अलावा चालक दीपक सैनी व सुरक्षाकर्मी देवनाथ सवार थे। जैसे ही कार करहरा खुर्द मार्ग में पहुंची। तभी पहले से घात लगाए बैठे चार नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। गाड़ी रोकने और सुरक्षा कर्मी के ललकारने के बाद बदमाश गाड़ी के पास आ गए व डंडे से कार में हमला कर दिया। जिससे कार का शीशा टूट गया जबकि विधायक के निजी सचिव बाल-बाल बच गए। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीणों को आता देख बदमाश भागने लगे। तब कार से पीछा किया तो बदमाश अपाचे बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
घटना की सूचना विधायक के निजी सचिव ने पुलिस अधीक्षक व कोतवाली प्रभारी चरखारी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की जंगल में तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने अपाचे बाइक बरामद कर जांच शुरू कर दी है। निजी सचिव ने बताया कि विधायक पर जानलेवा हमला करने की नियत से बदमाशों ने हमला किया। गनीमत रही कि विधायक बृजभूषण राजपूत गाड़ी में नहीं थे। जिससे वह बाल-बाल बच गए। निजी सचिव की तहरीर पर पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है। रविवार की सुबह पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव, सीओ राजकुमार पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस की जांच में हमीरपुर जनपद के परा गांव निवासी एक शातिर अपराधी व उसके साथियों के नाम सामने आए हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक आरके गौतम का कहना है कि विधायक के निजी सचिव कार से करहराखुर्द गांव जा रहे थे। कार व बाइक की क्रासिंग को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। विवाद को देखकर गांव के लोग एकत्र हो गए तब बाइक सवार बाइक को छोड़कर भाग गए। आरोपियों की पहचान की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इंसेट
वर्ष 2018 में विधायक आवास पर हुआ था हमला
विधायक चरखारी बृजभूषण राजपूत का कहना है कि काफी समय से उन्हें अंतर्राष्ट्रीय कॉलों के माध्यम से धमकियां मिल रहीं थी। जिनकी एफआईआर चरखारी व पनवाड़ी थाने में दर्ज कराई गई थी। वर्ष 2018 में उनके घर पर हमला हुआ था। तब शासन से सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की थी। जो मामला अभी लंबित है। वह एक कार्यक्रम में उरई गए थे। बदमाशों को इसका अनुमान नहीं था। आरोपी सोच रहे थे कि विधायक गाड़ी में होंगे। उन पर जानलेवा हमला करने की साजिश थी। मामले की एफआईआर दर्ज कराई गई है।