महोबा। भारत सरकार श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के गाजियाबाद जोन के खान सुरक्षा निदेशक मुरलीधर बिदरी बुधवार को पहली बार जनपद भ्रमण पर आए।
अलीपुरा स्थित क्रशर यूनियन भवन में आयोजित संगोष्ठी में उन्होंने कहा कि खान संचालन और उत्पादन में खान सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य है।
मामूली सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बनती है। हर हाल में विस्फोटकों के प्रयोग, स्टोरेज व्यवस्था व विस्फोटकों के परिवहन के उचित प्रबंधन पर सख्ती से अमल करना होगा। तभी खनन के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
संगोष्ठी में निदेशक ने ब्लास्टिंग के नियमों, विस्फोटकों के सुरक्षित रखरखाव, प्रयोग के सुरक्षित तरीके के बारे में जानकारी दी। उन्होंने हरियाणा के खनन क्षेत्रों में होने वाले काम के तरीकों को विस्तार से दिखाया कि कैसे खनन में काम करते समय सतर्कता के साथ बचाव किया जाता है।
उन्होंने विस्फोटक स्टोरेज की क्लिप दिखाकर सुरक्षा के तरीके बताए। उप निदेशक खान सुरक्षा रामबाबू ने कहा कि हर खदान को चालू करते समय विभाग में ऑनलाइन माइनिंग ओपनिंग की सूचना निर्धारित फार्मेट पर देना जरूरी है। यदि खनन का काम करना है तो हर हाल में खान सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा।
पत्थर व्यवसायी रामकिशोर सिंह, यूनियन के अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह आदि ने खनन की समस्याएं बताईं। कहा कि जिले में बहुत छोटे-छोटे खनन पट्टे है, जिससे व्यवहारिक परेशानी नियमों के अनुपालन में आ रही है।
फिर भी लीज होल्डर्स को जागरूक किया जा रहा है। इस मौके पर खान निरीक्षक जितेश कुमार, वसीम अहमद, रघुराज सिंह, दिनेश गुप्ता, सूरज गुप्ता, मुकेश, हरिशंकर, केशव बाबू शिवहरे, अवधेश त्रिपाठी, ब्रजराज सिंह आदि मौजूद रहे।