महोबा। जनपद में स्थित ऐतिहासिक धरोहरों में घूमने के लिए पहुंचने वाले सैलानियों को अब वहां की सफाई व्यवस्था बेहद चाकचौबंद मिलेगी। इन धरोहरों के आसपास सफाई व्यवस्था पर अब विशेष ध्यान दिया जाएगा। डीएम गजल भारद्वाज के निर्देश पर पंचायती राज विभाग की ओर से शुक्रवार को जनपद में स्थित विभिन्न ऐतिहासिक धराेहरों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। इससे ऐतिहासिक स्थल बेहद साफ-सुथरे नजर आए।
डीपीआरओ चंद्रकिशोर वर्मा की देखरेख में ब्लॉक जैतपुर में मस्तानी महल, बेलासागर, सुगिरा गढ़ी के किले में विशेष सफाई अभियान चला। इसके अलावा ब्लॉक पनवाड़ी में महोबकंठ के पहाड़ पर स्थित श्रृंगी ऋषि के मंदिर व सरोवर, ब्लॉक चरखारी के काकुन के हनुमान मंदिर, सूपा गढ़ी आदि स्थानों पर सफाई अभियान चलाकर ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने का काम किया गया। डीपीआरओ ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित ऐतिहासिक धरोहरों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐतिहासिक धरोहरों की सफाई व्यवस्था चाकचौबंद रहेगी। इससे पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा।