महोबा। प्रदेश में 69 हजार शिक्षक भर्ती की चयन सूची जारी होने के बाद रोक लगाने से अभ्यर्थी परेशान हैं। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री व बेसिक शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इसमें शिक्षक भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग की है।
शिक्षक भर्ती के चयनित अभ्यर्थी उपेंद्र यादव, अजय साहू, प्रशांत राजपूत, पुरुषोत्तम राठौर, संदीप यादव, अंकित नामदेव, नवनीत मिश्रा, मनीष राजपूत, गौस अली आदि ने डीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि प्रदेश सरकार ने 69,000 शिक्षक भर्ती की चयन सूची इसी माह जारी की थी, लेकिन लखनऊ हाईकोर्ट ने तीन जून को कुंजी मामले में स्टे लगा दिया। उन्होंने 14 जुलाई को होने वाली सुनवाई में सरकार से जनरल तुषार मेहता को पैरवी के लिए भेजने की मांग की।
ज्ञापन में बताया कि 69,000 शिक्षक भर्ती में प्रतिदिन लखनऊ हाईकोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट में केस फाइल हो रहे हैं। ताकि हर केस में महाधिवक्ता की उपस्थित अनिवार्य रहे। कुछ लोग शिक्षक भर्ती से संबंध नहीं रखते, लेकिन मात्र भर्ती फंसाने के लिए केस कर रहे हैं, ऐसे लोगों पर कानूनी कार्रवाइ की जाए। उन्होंने पूर्व की भर्तियों में चयनित शिक्षकों को एनओसी न दिए जाने, पहली काउंसिलिंग होने के बाद दूसरी काउंसलिंग कराने व बीटीसी प्रतिनिधि मंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने की मांग की है।