कस्बा कबरई में छंगा चौराहे पर स्थित बजरंगवली मंदिर के समीप मांस की दुकानों को कस्बे के बाहर स्थापित कराए जाने की मांग को लेकर हिंदू युवा वाहिनी ने बुधवार को बैठक कर ज्ञापन सौंपा। एक पखवारे के अंदर मांस की दुकानें न हटाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी आशीष महाराज की अध्यक्षता में कस्बा कबरई के गहोई गेस्ट हाउस में बैठक हुई। बैठक में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। मंडल प्रभारी ने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता समाज की आवाज बने।
बैठक में जीतू विश्वकर्मा को नगर अध्यक्ष, मयंक गुप्ता को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दुर्गेश सिंह को नगर संयोजक, अभिनय झा को नगर महामंत्री, अमित तिवारी को नगर संयोजक व शिवम सिंह को नगर सह संयोजक बनाया गया।
बैठक के बाद लोगों ने थानाध्यक्ष कबरई अमित भड़ाना को कस्बे में स्थापित मांस की दुकानें हटवाए जाने की मंाग को लेकर ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि कस्बे के छंगा चौराहे पर बजरंग वली का मंदिर है। मंदिर के समीप ही मांस की दुकानें स्थापित है।
इससे पूजा करने के लिए पहुंचने वाली महिलाओं को परेशानी होती हे। उन्होंने शीघ्र ही कस्बे के बाहर स्थापित कराए जाने की मांग की। इस दौरान जितेंद्र सिंह यादव, देवेंद्र प्रताप सिंह, अभिषेक मिश्रा, चंद्रपाल, विपिन भदौरिया, प्रकाश मिश्रा, रमेश कुशवाहा, शांतनु, शनि पाठक, राहुल तिवारी आदि शामिल रहे।