महोबा। जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में उद्यमियों ने बांदा रोड पर स्थित खनिज जांच चौकी के कारण लगने वाले जाम व मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित धर्मकांटा खनिज विभाग द्वारा चालू न किए जाने का मुद्दा उठाया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी आर एस वर्मा ने दोनों मुद्दों के समाधान के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन करते हुए उद्योग आयुक्त विमल द्विवेदी ने पिछली बैठक के दौरान आई शिकायतों पर संबंधित विभागों की ओर से आए समाधान से उद्यमियों को अवगत कराया। मकरबई स्थित रेलवे अंडरपास की मरम्मत के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र दिए जाने का निर्देश अध्यक्ष ने दिया। क्रशर यूनियन महामंत्री देवेंद्र मिश्र ने मध्यप्रदेश सीमा पर लगे धर्मकांटा न शुरू किए जाने पर असंतोष जताया। इस दौरान क्रेशर उद्यमी लाला महाराज, कंधी लाल यादव, कंचन पाठक, राजू तिवारी, रघुराज प्रताप सिंह, प्रमोद त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।