महोबा। डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला खनन फंड से जनपद का विकास कराने का लेकर अफसरों के साथ बैठक हुई। डीएम ने नवनिर्मित 13 शासकीय जूनियर हाईस्कूलों में बच्चों के लिए फर्नीचर आदि की व्यवस्था कराने के लिए 26 लाख रुपये खनिज निधि से आवंटित किए। स्कूलों में अन्य व्यवस्थाओं के लिए प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक में डीएम ने डीआईओएस सुरेश प्रताप सिंह को निर्देश दिए कि नवनिर्मित सभी विद्यालयों में बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर की व्यवस्था अतिशीघ्र कराएं। जिन विद्यालयों में बॉउंड्रीवाल आदि की जरूरत है, उसका प्रस्ताव तैयार कर कार्य शुरू कराएं। इस दौरान उन्होंने एक्सईएन पीडब्ल्यूडी व आरईएस को निर्देश दिए कि खनन परिक्षेत्र में जहां भी सड़कें खराब हैं उनको बनवाया जाए। बजट की व्यवस्था खनिज निधि से की जाएगी। डीएम ने बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक गया प्रसाद को निर्देश दिए कि खनन परिक्षेत्र में आने वाले विद्यालयों में खनिज निधि से आवंटित धनराशि से आवश्यक कार्य कराएं। बैठक में सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह, सीएमओ डॉ. एमके सिन्हा, खनन अधिकारी शैलेंद्र सिंह के अलावा पट्टा धारक देवेंद्र शुक्ला, रामकिशोर सिंह आदि मौजूद रहे।