हरदोई। जनपद के मेडिकल कॉलेज में अब एमडी की पढ़ाई का दायरा बढ़ेगा। मेडिकल कॉलेज को माइक्रोबायोलॉजी विभाग में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की तीन सीटों की अनुमति मिल गई है। इसके साथ ही संस्थान में एमडी की पढ़ाई के लिए नए अवसर उपलब्ध होंगे। चालू शैक्षिक सत्र से ही स्वीकृत सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में ह्यूमन फिजियोलॉजी और सामुदायिक चिकित्सा विषय पर एमडी की पढ़ाई शुरू कराई जा चुकी है। दोनों विषयों की तीन-तीन सीटों पर शैक्षिक सत्र में पढ़ाई शुरू करने के बाद अब राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने माइक्रोबायोलॉजी विभाग में भी स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई का रास्ता साफ हो गया है। माइक्रोबायोलॉजी विभाग में तीन सीटें मिलने से अब यहां एमडी के विद्यार्थियों को अध्ययन और शोध का अवसर मिलेगा। साथ ही मेडिकल कॉलेज में स्नातकोत्तर शिक्षा का भी विस्तार होगा।
प्राचार्य डॉ. जेबी गोगोई ने बताया कि एनएमसी से मिली अनुमति संस्थान के शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। एमडी पाठ्यक्रम शुरू होने से न केवल विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे बल्कि मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक और शोध गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के संचालन से संस्थान में विशेषज्ञ चिकित्सकों और शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में भी काम होगा। इससे मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक पहचान मजबूत होगी।