हरदोई। त्योहार पर भी ट्रेनें अपने समय से स्थानीय स्टेशन पर नहीं पहुंच पाईं। दिल्ली और पंजाब की तरफ से आने वाली ट्रेनें कई घंटे देरी से स्थानीय स्टेशन पहुंचीं। वहीं विशेष ट्रेनें भी अपने समय से नहीं पहुंच पाईं। इससे यात्रियों को सफर के दौरान काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं।
ट्रेन से आने वाले तमाम लोगों में दिल्ली और पंजाब में रहकर काम व पढ़ाई करने वाले लोग होते हैं। त्योहार पर सभी के वापसी आने पर भीड़भाड़ बढ़ जाती है। तमाम लोग छुट्टी न मिल पाने की वजह से त्योहार के दिन शाम को पूजा शुरू होने से पहले पहुंचने की कवायद में नजर आए लेकिन रेलवे की लचर व्यवस्था के चलते यात्रियों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बता दें कि नियमित ट्रेनें तीन से चार घंटे तक लेट रहीं जबकि विशेष ट्रेन में पांच घंटे की देरी दर्ज की गई। लेट चल रहीं ट्रेनों की वजह से सफर कर रहे यात्री और इंतजार करने वाले लोग काफी परेशान रहे। स्टेशन अधीक्षक नरसी लाल मीणा ने बताया कि भीड़ के चलते ट्रेनों के लेट होने की संभावना हो सकती है।
देरी से पहुंचीं ट्रेनें
रविवार को भी चंडीगढ़ से चलकर पटना जाने वाली विशेष ट्रेन 04516 अपने निर्धारित समय से पांच घंटे 34 मिनट की देरी से पहुंची। इसके अलावा डाउन रूट पर नियमित ट्रेनों में मेरठ से आने वाली 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस 01:12 घंटे की देरी से, 13152 जम्मूतवी सियालदह एक्सप्रेस 02:45 घंटे की देरी से, 15910 अवध असम एक्सप्रेस 02:28 घंटे की देरी से, 013006 पंजाब मेल 03:30 घंटे की देरी से और 013308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से हरदोई स्टेशन पर पहुंची।