महोबा। जिले में 9 अगस्त को दो पालियों में होने वाली बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने शुक्रवार को अफसरों के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि केंद्र प्रभारी सुरक्षा की पूर्ण व्यवस्था के लिए जिम्मेदार होंगे। कोरोना संक्रमण के चलते परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी के पास प्रवेश पत्र के साथ फेस मास्क, सैनिटाइजर व दस्ताने होना अनिवार्य किया गया गया है।
बैठक में जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी ने बताया कि परीक्षा के लिए वीरभूमि महाविद्यालय व मुकुंदलाल राजकीय इंटर कालेज को केंद्र बनाया गया हैं। जिसमें एक हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दोनों परीक्षा केंद्रों से 500 मीटर की परिधि में फोटोकॉपी की दुकान, साइबर कैफे व पीसीओ आदि बंद रहेंगे। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी कर्मचारी और अभ्यर्थी को मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अपने पास नहीं रखेगा। परीक्षा केंद्रों पर तैनात शिक्षकों व अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय इंफ्रारेड थर्मामीटर के माध्यम से तापमान लिया जाए।