-राहरगीर के शव की नहीं हो सकी पहचान
फोटो 27 एमएएचपी 02 परिचय-प्रमोद अहिरवार (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में राजमिस्त्री समेत दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस दुर्घटनाओं की जांच में जुट गई है।
कबरई के खजुरिहा पहरा गांव निवासी प्रमोद अहिरवार (35) राजमिस्त्री था। शुक्रवार की रात वह कबरई से ई-रिक्शा से घर के लिए लोहे का टिन ले जा रहा था। ब्रह्मदेव बाबा मंदिर पुलिया के पास ई-रिक्शा पलटने से प्रमोद घायल हो गया जबकि चालक को मामूली चोटें आईं। परिजन प्रमोद को जिला अस्पताल लाने लगे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना से पत्नी मालती, बेटे अरविंद, अजय व बेटी कोमल बेहाल हैं।
उधर, महोबा-लवकुशनगर मार्ग पर शाहपहाड़ी के पास 75 वर्षीय वृद्ध पैदल जा रहा था। तभी वाहन ने टक्कर मार दी। राहगीर बाबूलाल कुशवाहा ने अपने ई-रिक्शा से घायल वृद्ध को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। कोतवाल मनीष कुमार पांडेय का कहना है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा रहा है।