कबरई (महोबा)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को कस्बा कबरई में सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें 13 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामा। आयोजन समिति की ओर से नवदंपति जोड़ों को दान-दहेज व उपहार भेंट किए गए। नगर पंचायत कबरई द्वारा कलशहा बाबा प्रांगण में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में नगर पंचायत कार्यालय में बरात ठहराई गई। चेयरमैन व सभासदों ने बारात की अगवानी की।
अंबेडकर नगर कबरई की रोशनी साहू का राठ के इटौरा निवासी दिनेश कुमार, मकरबई की प्रीति का बिदोखर के शिवेंद्र समेत 12 जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह कराया गया। जबकि एक मुस्लिम जोड़े मिल्कीपुरा की रुखसार का मलकपुरा के नफीस के साथ निकाह कराया गया। चेयरमैन मूलचंद्र कुशवाहा ने सभी कन्याओं का कन्यादान किया। सभासद प्रेम अनुरागी ने सभी जोड़ों को सोने की अंगूठी पहनाई। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष जीतेंद्र सिंह सेंगर ने उपहार देकर विदा किया। इस मौके पर ईओ वेदप्रकाश सिंह, डॉ. विजय पाल विश्वकर्मा, सभासद विनीत द्विवेदी, अवधेश रैकवार, राजू कुशवाहा आदि मौजूद रहे।