महोबा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिले में हुए करोड़ों रुपये के घोटाले के आरोप में जेल गए बीमा कंपनी के जिला प्रबंधक निखिल चतुर्वेदी की जमानत याचिका खारिज कर दी गई है। अपर सत्र न्यायाधीश न्यायालय से यह जमानत याचिका खारिज हुई है। इससे पहले इसी तरह के एक अन्य मामले में हाईकोर्ट से उसे अग्रिम जमानत मिल चुकी है। दूसरे मामले में जिला प्रबंधक अभी जेल में बंद है।
कोतवाली चरखारी में ग्राम लुहारी के चकबंदी लेखपाल रेवती रमन सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि मौजा लुहारी की गाटा संख्या 240 रकबा 0.184 हेक्टेयर बंजर भूमि पर हर्षवर्धन, गाटा संख्या 908 रकबा 0.468 हेक्टेयर बंजर भूमि पर भोला प्रसाद और गाटा संख्या 272 रकबा 0.875 हेक्टेयर बंजर एवं नाला की जमीन पर अनूप कुमार ने कूटरचित तरीके से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बीमा करा लिया था। इस कार्य में बीमा कंपनी इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारी गोविंद निवासी कुआं चरखारी व कपिल सोनी निवासी मुस्करा जिला हमीरपुर के मिलीभगत की आशंका जताई गई थी। मामले की जांच के दौरान चरखारी पुलिस ने बीमा कंपनी के जिला प्रबंधक निखिल चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया। 17 दिसंबर से निखिल महोबा जेल में बंद है। इसमें जमानत के लिए न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश के समक्ष याचिका लगाई गई थी। मामले की गंभीर प्रकृति का मानते हुए अपर सत्र न्यायाधीश ध्रुव राय ने जमानत याचिका खारिज कर दी है।