विरोध में कोई नामांकन न होने से निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गईं ममता यादव को डीएम वीरेश्वर सिंह ने विजयी घोषित करते हुए जीत का प्रमाण-पत्र भी सौंप दिया। इससे सपा खेमे में खासा उत्साह दिखा।
जिला पंचायत सदस्य पद पर एक जनवरी को ममता यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा से नामांकन-पत्र दाखिल किया था। इस पद पर किसी दूसरे प्रत्याशी की दावेदारी न होने से सोमवार को जिलाधिकारी ने ममता यादव पत्नी रमेश यादव को जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित करते हुए, उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।
जीत की खुशी में जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव को तमाम लोगों ने बुके भेंट कर अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। इस मौके पर अंशु शिवहरे, राजू सिंह, रमा सिंह, संजय सिंह परिहार, शिवकुमार राजपूत सहित तमाम जिला पंचायत सदस्य और उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।