एसके महाविद्यालय बेलाताल के पास चल रहे मां शारदा क्रिकेट टूर्नामेंट का सोमवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें नौगांव ने बेलाताल को छह विकेट से हराकर विजेता ट्राफी पर कब्जा जमाया। आयोजन समिति द्वारा विजेता टीम को ट्राफी व 11 हजार की नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला एएस टाइगर नौगांव व जेएसके बेलाताल के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अलाबख्श व भोले यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया। टास नौगांव की टीम ने जीता। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेलाताल की टीम निर्धारित 20 ओवर के मुकाबले में 137 रन बनाकर आलआउट हो गई।
बेलाताल की ओर से सनत राजपूत व नीरज श्रीवास्तव ने सर्वाधिक 22-22 रन का योगदान दिया। वहीं नौगांव के खिलाड़ी सतीश व रामकुमार ने तीन-तीन विकेट झटके।
नौगांव टीम ने 13.2 ओवर में चार विकेट खोकर 138 रन बनाए। इससे नौगांव ने फाइनल मुकाबला छह विकेट से जीत लिया। नौगंाव के खिलाड़ी सतीश को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुख्य अतिथि व आयोजक ज्ञानसिंह यादव ने विजेता टीम को 11 हजार व ट्र्राफी तथा उपविजेता को 5100 व ट्राफी सौंपी। मैच में रामअवतार यादव व रामप्रकाश ने अंपायर की भूमिका निभाई। अनूप व भूपेंद्र स्कोरर व सुशील अरजरिया कमेेंटेटर रहे। इस मौके पर रामशरण ब्यास, इंद्रपाल रिछारिया, रामस्वरूप श्रीवास आदि मौजूद रहे।