महोबा। किसानों को मिल रहे उपज के अच्छे मूल्य की वजह से गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों की भीड़ जुट रही है। यही वजह है कि महोबा जनपद में अब तक 24 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। इससे चित्रकूट धाम मंडल में महोबा जिले ने करीब 84 फीसदी गेहूं खरीद कर अव्वल स्थान प्राप्त किया है वहीं मंडल के अन्य जिले अभी तक 52 फीसदी भी खरीद नहीं कर सके हैं।
जिले में गेहूं खरीद के लिए 49 गेहूं क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इनमें अब तक करीब 24 हजार मीट्रिक टन खरीद हो चुकी है। जिले के 51 हजार से ज्यादा किसानों ने गेहूं की बिक्री हैं। 15 अप्रैल से क्रय केंद्रों में शुरू हुई खरीद से जिले में अब तक करीब 84 फीसदी गेहूं खरीदा जा चुका हैं। किसानों का कहना है कि गेहूं क्रय केंद्रों में उपज की अच्छी कीमत मिलती है लेकिन आढ़ती कम पैसा देते हैं। हालांकि क्रय केंद्रों में समय से पैसा न मिलने के कारण उनके तमाम काम नहीं हो पाते हैं। कई बार भुगतान के लिए चक्कर भी काटने पड़ते हैं जबकि आढ़तियों के यहां गेहूं बेचने पर तत्काल पैसा मिलता है।