महोबा में पुलिस ने अनुसूचित जाति की युवती से रेप और हत्या में शामिल मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। युवक ने तमंचे के बल पर एक दलित युवती को डरा-धमकाकर उसके साथ 6 महीने तक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। बाद में जब वह गर्भवती हुई। तो मुख्य आरोपी के पिता और चाचा ने जबरन उसका गर्भपात करवाया। जिसके दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
महोबा के कबरई में छह माह पहले दुष्कर्म का शिकार अनुसूचित जाति की युवती की मंगलवार की रात हमीरपुर के मौदहा स्थित एक प्राइवेट क्लीनिक में गर्भपात के दौरान मौत हो गई थी। आक्रोशित परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कबरई थाने में हंगामा किया था। युवती के पिता की तहरीर पर थाना कबरई में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और आरोपी के पिता, चाचा व दोषी डॉक्टर के खिलाफ गर्भपात कराने व धमकी का मुकदमा दर्ज किया गया था।
थानाक्षेत्र कबरई के एक गांव निवासी 20 वर्षीय युवती छह माह पहले खेत गई थी। तभी पड़ोसी गांव के शैलेंद्र ने दुष्कर्म किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। लोकलाज व धमकी के डर से पीड़िता खामोश रही। पीड़िता के गर्भवती होने पर 25 सितंबर को रक्तस्राव होने लगा। तब उसनेे परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजन आरोपी शैलेंद्र के घर पहुंचे तो आरोपी के परिजनों ने 25 हजार रुपये देकर गर्भपात कराने की सलाह दी।