श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के अतरारमाफ गांव में रविवार की दोपहर दो सगे भाइयों के खेतों में अचानक आग लग गई। जिसमें 18 बीघा भूूमि में खड़ी मटर व सरसों की फसल जलकर खाक हो गई। घटना से दोनों भाइयों को करीब तीन लाख रुपये की क्षति हुई है। पीड़ितों ने जानबूझकर परिवार के लोगों पर आग लगाए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अतरारमाफ गांव निवासी सरजू व उसके भाई महादेव के नाम 20 बीघा भूमि है। इस बार दोनों ने खेतों में मटर व सरसों की फसल बोई थी। फसल इस समय पककर तैयार खड़ी थी। रविवार की दोपहर अचानक खेतों में आग लग गई। आग की लपटें देख दोनों भाइयों ने अन्य किसानों की मदद से ट्यूबवेल चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन तब तक 18 बीघा में खड़ी फसल जलकर खाक हो गई। घटना से पीड़ित परिवार सदमे में है।
थानाध्यक्ष श्रीनगर अनिल कुमार का कहना है कि तहरीर मिली है। पुलिस टीम को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।