महोबा। जिले में सात हजार किसानों को अब भी सम्मान निधि मिलने का इंतजार है। ये ऐसे किसान हैं, जिनके आवेदन पत्र कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री सम्मान निधि पोर्टल पर अपलोड कर दिए हैं। इनका सत्यापन भी हो गया है, लेकिन धनराशि खाते में अब तक नहीं आई है। वहीं, अब सरकार के संकल्प पत्र के अनुसार अब किसानों को दोगुना सम्मान निधि मिलेगी।
जिले में कुल 1,59,369 किसान है जिसमें किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 1,45,486 किसान पंजीकृत हैं। जिसमें 7050 किसान ऐसे हैं जिन्होंने पंजीकरण कराया है लेकिन उन्हें सम्मान निधि का लाभ नहीं मिला है। वहीं, अब 61,798 किसानों को दसवीं किस्त मिल चुकी है। अन्य किसान सम्मान निधि पाने के लिए लोकवाणी व जन सेवा केंद्रों के माध्यम से कई बार ऑनलाइन आवेदन करा चुके हैं। ब्लॉक से लेकर जिला मुख्यालय तक का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन आज तक न तो सम्मान निधि की किस्त मिल पाई और न मिल पाने की वजह ही कोई बताने वाला है। कृषि उपनिदेशक अभय कुमार सिंह का कहना है कि जिन किसानों का डाटा स्वीकृत हो चुका है, जल्द ही सम्मान निधि की राशि उनके खाते में पहुंचेगी।
किसान बोले
कृषक सूरज सिंह ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन में पांच सौ रुपये से अधिक खर्च हो गया, लेकिन अब भी सम्मान निधि की धनराशि नहीं आई। कई बार ब्लॉक व जिला मुख्यालय भी गए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। मारगपुरा निवासी कृषक महराज यादव का कहना है उन्होंने आवेदन किया था लेकिन उनके खाते में आज तक सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल सका है।