कुलपहाड़/ बेलाताल। अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए हैं। चार की हालत नाजुक बनी हुई है।
कस्बा चरखारी निवासी आफताब खान अपनी बहन व भांजी के साथ बहनोई मुबारक का इलाज कराने के लिए कार से झांसी जा रहे थे। सुंगिरा गांव के समीप पनवाड़ी की ओर से आ रहे ट्रक की कार से भिडंत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया। जहां से आफताब व मुबारक को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
बेलाताल संवाद के अनुसार बगवाहा गांव निवासी 70 वर्षीय संतुवा अहिरवार अपनी वृद्धा पेंशन जैतपुर की आर्यावर्त बैंक से निकाल कर अपने 58 वर्षीय पुत्र सिंधपाल व अपने नाती 25 वर्षीय प्रमोद के साथ बाइक से जैतपुर जा रहा था। जैसे ही वह लमौरा गांव के निकट पहुंचा तभी पीछे से आ रही एक ऑटो ने जोरदार टक्कर मार दी और बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी जैतपुर लाया गया। जहां वृद्ध संतुवा अहिरवार की हालत नाजुक होने पर डॉ पी के सिंह राजपूत ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया। प्रमोद और सिंधपाल को हल्की-फुल्की चोटें आने पर उपचार के बाद छुट्टी कर दी ।