महोबा। नामांकन के आखिरी दिन सपा ने प्रत्याशी बदलकर सबकों चौंका दिया है। यहां पर अजेंद्र राजपूत के स्थान पर रामजीवन यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। अमर उजाला ने सीट बदलने की पहले ही आशंका जाहिर कर दी थी जो सच साबित हुई।
मंगलवार को सपा जिलाध्यक्ष प्रान सिंह ने इसकी घोषणा कर दी। बताया कि पार्टी ने अजेन्द्र राजपूत के स्थान पर रामजीवन यादव उर्फ दद्दा को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। दोपहर एक बजे कलक्ट्रेट पहुंचकर उन्होंने नामांकन किया उनके प्रपत्रों की जांच आरओ स्वेता पांडेय ने की। उनके साथ चौधरी रोहित सिंह समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा चरखारी सीट पर राइट टू रिकाल पार्टी से कुंवर लाल सुदर्शन, निर्दलीय भुवनेंद्र नरायण, अमन नरायण, अनिल सिंह गौर ने पर्चा दाखिल किया। महोबा विधान सभा से आप पार्टी से महेश सोनी, आजाद समाज पार्टी से इंजी. देव प्रताप सिंह, निर्दलीय अर्जुन कुमार, देवेंद्र कुमार नगायच, अनिल कुमार ने पर्चा दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक महोबा विधानसभा 28 नामांकन पत्र बिके और दाखिल हुए 24 तथा चरखारी विधानसभा 35 नामांकन बिके और 16 दाखिल हुए है।
इन्होंने दोबारा दाखिल किया सेट
कई प्रत्याशी जो पहले ही नामांकन करा चुके हैं उन्होंने दूसरा और तीसरा सेट तक दाखिल किया है। जिसमें महोबा विधान सभा से भाजपा प्रत्याशी वाहन के काफिले के साथ निकले जिससे शहर के आल्हा चौक के पास 30 मिनट तक वाहन रेंगते रहे। वहीं सपा के मनोज तिवारी ने भी दूसरा सेट दाखिल किया। चरखारी सीट पर भाजपा प्रत्याशी बृजभूषण राजपूत, बसपा प्रत्याशी विनोद राजपूत, कांग्रेस प्रत्याशी निर्दोष दीक्षित ने दोबारा नामांकन सेट दाखिल किया।
कड़ा होगा चरखारी सीट पर मुकाबला
कुलपहाड़ संवाद के अनुसार चरखारी विधानसभा में समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशी बदल दिया गया है। अजेंद्र सिंह राजपूत की बजाए अब रामजीवन यादव साइकिल की सवारी करेंगे। राजनीतिक जानकारों के अनुसार इस सीट मुकाबला दिलचस्प हो गया है। बीजेपी से प्रत्याशी बृजभूषण राजपूत, बसपा से विनोद राजपूत, कांग्रेस से निर्दोष दीक्षित मैदान में हैं। 2015 में हुए उपचुनाव में सारे मंत्री झोंक दिए थे तब जाकर सपा प्रत्याशी उर्मिला को 82159 वोट मिले थे जबकि बीजेपी प्रत्याशी अखिल राजपूत को 40862 वोट मिले थे जबकि कांग्रेस जैसी कमजोर मानी जाने पार्टी से लड़े रामजीवन यादव ने 36,513 मत प्राप्त कर स्वयं की ताकत दिखाई थी। सपा के महासचिव शाकिर खान का मानना है कि उपचुनाव में सपा के 82 हजार ओर रामजीवन के 36 हजार वोट मिला दिए जाएं तो चरखारी में यह मिथक तोड़ा जा सकता है कि राजपूत उम्मीदवार यहां अजेय है। वहीं अधिवक्ता हरेंद्र पाल सिंह कहते है कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।