एसपी कार्यालय के बाहर विरोध जताते हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। मांस तस्करी के विरोध में हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कहा कि यदि जल्द ही मांस तस्कर न पकड़े गए तो संगठन आंदोलन को बाध्य होगा।
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष मनोज शिवहरे, बजरंग दल के विभाग संयोजक सत्येंद्र प्रताप, विहिप के जिलामंत्री मयंक तिवारी, जिला संयोजक आयुष कुमार, हिंदू जागरण मंच के कमलेश रैक्वार, नीरज गुप्ता, अंकित राजपूत, अनुज सोनी आदि पदाधिकारियों ने एएसपी आरके गौतम को ज्ञापन देकर बताया कि पिछले कई वर्षों से शहर के कसौराटोरी मोहल्ले में अवैध तरीके से मांस की तस्करी की जाती है।
बीती 14 जनवरी को कोतवाली पुलिस ने एक स्कॉर्पियो पकड़ी थी। जिसमें से भी मांस बरामद किया गया था। आरोप है कि पुलिस ने गाड़ी से मिले लोगों को भी मामूली पूछताछ के बाद छोड़ दिया। जिससे संगठनों में आक्रोश है। पदाधिकारियों ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।