महोबा। आपका नाम इस बार की मतदाता सूची में है या नहीं इसका पता आप घर बैठे लगा सकते हैं। मोबाइल से राष्ट्रीय मतदाता सेवा की www.nvsp.in की वेबसाइट खोलें। सर्च इन इलेक्ट्रॉल रोल पर क्लिक करेंगे। अब आपको मतदाता सूची में नाम सर्च करने के दो विकल्प मिलेंगे। पहले तरीके में नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, लिंग, राज्य, जिला, विधानसभा क्षेत्र आदि की जानकारी भरने के बाद दिया गया कैप्चा कोड सही भरना होगा। यदि आपका नाम मतदाता सूची से कटा नहीं है तो इसके बाद यहीं पर दिखने लगेगा। साथ ही नाम से जुड़ी और ज्यादा जानकारी जैसे मतदाता सूची में क्रमांक संख्या बूथ नंबर दिए गए विकल्प व्यू डिटेल में जाकर पता किए जा सकते हैं। जबकि यही सारी जानकारी दूसरे तरीके यानी पहचान पत्र क्रमांक से भी सर्च की जा सकती है। वहीं एक अन्य पोर्टल eci.gov.in पर सर्च इन वोटर लिस्ट के विकल्प से भी इसी तरह से मतदाता सूची में अपना नाम देखा जा सकता है।
अधिसूचना जारी होने से दो दिन पहले तक बन सकते हैं मतदाता
अगर आपका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो अभी भी आपके पास मौका है। जिससे समय रहते आप अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। जनपद में 25 जनवरी को अधिसूचना जारी होनी है। इसके दो दिन पहले तक आवेदन कर नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।