महोबा। कलक्ट्रेट परिसर में 5 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया जाए, जिससे निर्बाध आपूर्ति हो सके। यह बात जिलाधिकारी मनोज कुमार ने कही।उन्होंने निर्वाचन के दृष्टिगत कलक्ट्रेट परिसर में निर्वाचन कार्यालय, कोषागार, कोविड कंट्रोल रूम, ईवीएम स्टोर रूम, प्रेरणा कैंटीन, जेनेरेटर रूम सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया।
निर्वाचन कार्यालय व कोषागार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करा ली जाएं। निर्वाचन के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी। कलक्ट्रेट परिसर के निरीक्षण में उन्होंने नाजिर को कड़े निर्देश दिए कि परिसर में मौजूद झाड़ियों को हटवाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि कलक्ट्रेट परिसर में 5 किलोवाट का सोलर प्लांट लगवाया जाए ताकि यहां विद्युत की कोई समस्या न रहे। निरीक्षण के दौरान एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, एडीएम न्यायिक शिशिर कुमार, डीआईओ सतीश यादव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी गण मौजूद रहे।
प्रत्येक वोटर को अनिवार्य रूप से किया जाए टीकाकरण
डीएम ने एकीकृत कोविड कमांड कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान जिले में टीकाकरण तथा वर्तमान में जिले में मौजूद कोविड मरीजों की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही टीकाकरण प्रभारी डॉ: जीआर रतमेले को सख्त निर्देश दिए कि टीकाकरण अभियान में तीव्रता लाएं ताकि प्रत्येक वोटर को अनिवार्य रूप से टीका लग सके। उन्होंने कोविड कंट्रोल रूम के संचालन को लेकर डॉ. सुरेंद्र खरे को आवश्यक निर्देश दिए कि कंट्रोल को 24 घंटे संचालित किया जाए। नए कोविड मरीजों तथा आइसोलेशन में मौजूद लोगों से निरंतर संपर्क बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि कोविड से संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर लोगों को तुरंत आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं ली है उनसे बात की जाए और उनका टीकाकरण कराया जाए। कंट्रोल रूम में हो रही गतिविधियों संबंधी दैनिक रिकॉर्ड तैयार किया जाए। कोविड कंट्रोल रूम में तैनात कर्मी किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
कोविड हेल्पलाइन में घुमाएं फोन
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को सूचित करते हुए कहा कि कोविड 19 संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी/ सहायता इन नंबरों 05281-254901, 05281-254902, 05281-297940, 05281-297941, 05281-297942, 05281-297943, 05281-297944 पर फ़ोन कर प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सभी लोग कोविड नियमों का पालन करें।