पनवाड़ी (महोबा)। थाना के हरपालपुर रोड के पास शुक्रवार की सुबह पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें पैर में गोली लगने पर एक बदमाश घायल होकर गिर गया। इसके बाद पुलिस टीम ने इस शातिर के साथ ही उसके दो साथियों को भी दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान दो दरोगा बाल-बाल बच गए। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए बदमाश लूट व चोरी की कई वारदात को अंजाम दे चुके हैं।
एएसपी आरके गौतम ने बताया कि सुबह करीब 4.15 बजे पनवाड़ी थाना प्रभारी विनोद यादव टीम के साथ हरपालपुर रोड की तरफ से जा रहे थे। उसी दौरान बाईपास लिंक रोड पर बिना नंबर की बाइक पर सवार तीन लोग दिखे। पुलिस कर्मियों के टोकने पर बदमाश बाइक मोड़ के भागने लगे। इस पर पुलिस ने गाड़ी से पीछाकर उन लोगों को रोकने की कोशिश की, तो बाइक पर सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस की गाड़ी की आगे के शीशे को भेदते हुए निकल गई और जीप चला रहे दरोगा शेरे आलम व बगल की सीट पर बैठे नगारा चौकी प्रभारी विनोद कुमार बाल-बाल बच गए। जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंशू नाम के शातिर को पैर में गोली लगी और वह सड़क पर गिर गया। जबकि, उसके दो अन्य साथी बाइक छोड़कर भागे, तो पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें भी दबोच लिया। आरोपियों के पास से 315 बोर के तीन तमंचे व 14 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने घायल अंशू का जिला अस्पताल में इलाज कराया है। दोपहर बाद सभी शातिरों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यह हुए गिरफ्तार
हमीरपुर के मसगवां, राठ निवासी अंशू उर्फ आशीष राजपूत, गुहानी, मझगवां के विकास राजपूत और प्रीतम राजपूत हैं।
थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि इन आरोपियों ने गत दिनों पनवाड़ी क्षेत्र में रमेश गुप्ता के स्पेलर में 90 हजार रुपये की लूट की थी। हरपालपुर में बैंक से रुपये निकाल कर लौट रही सहीदन से पनवाड़ी बाईपास पर 45 हजार की लूट की थी। दो साल पहले महोबकंठ में भी लूट की थी। इसी साल 26 जनवरी को राठ रोड स्थित ढाबा पर तोड़फोड़, मारपीट और फायरिंग की थी।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
अंशू उर्फ आशीष पर लूट, हत्या का प्रयास, बलवा, मारपीट, गाली-गलौज, छेड़छाड़ व एससीएसटी व पॉक्सो एक्ट के मामले पनवाड़ी व हमीरपुर के राठ और मझगवां थाने में दर्ज हैं। राठ थाने से गैंगस्टर की कार्रवाई हुई थी। विकास राजपूत के खिलाफ लूट, हत्या का प्रयास, बलवा के साथ ही सेवन लॉ क्रिमिनल एमेंडमेंट एक्ट समेत अन्य धाराओं में पनवाड़ी, महोबकंठ के अलावा मझगवां व राठ, हमीरपुर में मामले दर्ज हैं। गैंगस्टर की भी कार्रवाई हो चुकी है। पूर्व से उस पर 25,000 का इनाम घोषित है।