अजनर (महोबा)। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव गांव जाकर गैर जिलों से आए लोगों की स्क्रीनिंग कर रहीं हैं। इस दौरान प्रवासी श्रमिकों के घरों के दरवाजे पर पंफ्लेट चिपकाकर उन्हें 14 दिन घर में रहने और परिवार के सदस्यों से दूरी बनाकर रखने के लिए प्रेरित किया गया।
पीएचसी जैतपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पीके सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीमों ने बुधवारा, भगारी, मगरिया, अजनर समेत कई गांवों में 20 मई के बाद बाहर से आए लोगों की स्क्रीनिंग कराई। हाल ही में महानगरों से आए लोगों को घर पर ही क्वारंटीन कराया। उनके घरों के बाहर पंफ्लेट चिपकाने के साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को कोरोना से बचने के उपाय बताए। इस मौके पर डॉ. आशुतोष सोनी, डॉ. प्रेमनारायण शर्मा के अलावा एएनएम व आशा शामिल रहीं।
ग्राम भगारी में प्रधान वीरेंद्र राजपूत ने बाहर से आए लोगों को गांव के बाहर विद्यालयों में ठहराया। वहां उनके खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। ग्राम प्रधान ने बताया कि 14 दिन पूरे करने वाले लोगों को घर भेजा जा रहा है। अभी तक गांव में 65 लोग आए हैं, जिनमें से 35 लोगों को 14 दिन पूरे होने पर घर भेज दिया गया। 30 लोग अभी भी विद्यालय में क्वारंटाइन हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य टीम ने विद्यालय में क्वारंटीन लोगों की स्क्रीनिंग की।