पनवाड़ी (महोबा)। कस्बा पनवाड़ी में गुंडा टैक्स वसूली का मामला शनिवार को पनवाड़ी थाने पहुंच गया है। चार लोगों ने थाने में तहरीर देकर युवक पर गुंडा टैक्स वसूलने और हिंदू मुस्लिम भाईचारे के आपसी सौहार्द को बिगाड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बा पनवाड़ी के कसाई मंडी निवासी कल्लू, जाफर, हारून व अतियुर ने पनवाड़ी थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके पास मांस बिक्री का लाइसेंस है। कस्बे का एक युवक कई माह से गुंडा टैक्स की मांग कर रहा है। विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। कई माह से वह गुंडा टैक्स दे रहे हैं। अब पैसा अधिक मांगने का विरोध करने पर धमकी दी जा रही है। आरोप है कि आरोपी क्षेत्र में आपसी सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रहा है। थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह के मुताबिक तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है।