महोबा। लॉकडाउन के चलते करीब दो महीने बाद बाजार खुल गए। पर, बाजारों से ग्राहक नदारद हैं। इससे कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ईद के मौके पर कपड़ा, जूता, चूड़ी, रेडीमेड और किराना कारोबार उरूज पर होता था, लेकिन इस साल हर प्रकार का कारोबार ठंडा हो गया हैं। बाजार में ग्राहक नजर नहीं आ रहे हैं। इससे व्यापारी परेशान है।
दो महीने से बंद पड़ी दुकानों की साफ-सफाई के बाद अब बाजार गुलजार हो गया है, लेकिन ग्राहकों की कमी के चलते दुकानदार सन्नाटे में बैठे हैं। ईद त्यौहार के मद्देनजर चूड़ी, किराना, सूतफेनी, सिंवई और कपड़ों की दुकानों में जुटनी वाली भीड़ भी गायब सी हो गई हैं। ईद की तैयारी को लेकर लाखों रुपये का माल मंगाने वाले दुकानदारों की पूंजी तक नहीं निकल पा रही हैं। इससे वह चिंतित हैं। बढ़ी उम्मीद के साथ दुकानदारों ने दुकानें तो खोल दी, लेकिन उन्हें बिक्री न होने से मायूस होना पड़ रहा हैं।