महोबा। पांच दिन पहले जिला अस्पताल के दो स्वास्थ्य कर्मियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद डीएम अवधेश कुमार तिवारी ने अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं बंद करा दी थीं। इससे इलाज न मिलने पर एक वृद्ध की मौत हो गई थी। कई मरीजों के इलाज के लिए भटकना पड़ा था। इस खबर को अमर उजाला ने मंगलवार का प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इस पर डीएम ने भटीपुरा स्थित नगरीय क्षेत्र के अस्पताल को इमरजेंसी वार्ड बनाकर 24 घंटे आकस्मिक स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने का फैसला लिया है। अब यहां पर मरीजों को इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। सीएमओ डॉ. सुमन ने बताया कि हॉटस्पॉट एरिया में आने से जिला अस्पताल को सील कर दिया गया है। मरीजों के लिए भटीपुरा स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे आकस्मिक स्वास्थ्य सेवा दिए जाने के निर्देश दिए हैं। वहां पर तीन डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। अब वहां पर मरीजों का इलाज हो सकेगा।