महोबा। कस्बा कुलपहाड़ की तीन छात्राएं संकट के समय में कोरोना योद्घा बनकर उभर रही हैं। सोशल साइट पर वीडियो अपलोड कर करोना वायरस को लेकर जानकारी उपलब्ध करा रहीं छात्राओं ने अब धरातल पर कुछ काम करने की ठानी है। यह छात्राएं अपनी गुल्लक के पैसों से घर पर मास्क तैयार कर प्रशासन को उपलब्ध करा रहीं हैं।
कुलपहाड़ निवासी छात्रा छाया, छवि और अनन्या ने एक-एक पैसा जोड़कर जमा की गई गुल्लक की राशि से मास्क बनाने की ठानी। उन्होंने गुल्लक से पैसे निकालकर बाजार से खादी का कपड़ा खरीदा और घर पर ही 100 मास्क बनाए। पूछने पर छात्राओं ने बताया कि खादी केवल वस्त्र नहीं है बल्कि विचार है। जब हम खादी का कपड़ा खरीदते हैं, तो एक परिवार को रोजगार भी उपलब्ध कराते हैं।
छात्राओं ने स्वनिर्मित मास्क एसडीएम मोहम्मद उवैस को सौंपे। एसडीएम ने छात्राओं की मेहनत की प्रशंसा की और यह सभी मास्क सही लोगों को देने की की बात कही। उन्होंने नायब तहसीलदार राधेश्याम गौड़ को निर्देश दिए कि यह सभी मास्क नगर पालिकाकर्मियों, अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों और नगर में हाथ ठेला से सब्जी बेचने वाले लोगों को खुद अपने हाथों से वितरित करें।