गरीबों को राहत पैकेट देते कैलाशनाथ और ज्योति
- फोटो : MAHOBA
महोबा। लॉकडाउन में बेरोजगार हुए दिहाड़ी मजदूरों व जरूरतमंदों का पेट भरने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की अपील पर स्वयंसेवी संस्थाओं ने कदम बढ़ाए हैं। इससे जरूरतमंदों को भोजन मयस्सर हो रहा है। मंगलवार को कोतवाली चरखारी के ग्राम रोशनपुरा में अरुणोदय संस्थान ने जरूरतमंदों को राहत पैकेट दिए।
लॉकडाउन में कामकाज ठप है। इससे दिहाड़ी श्रमिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है। ऐसी स्थिति में अमर उजाला फाउंडेशन की अपील के बाद अरुणोदय संस्थान के निदेशक अभिषेक मिश्रा ने रोशनपुरा गांव में राजरानी, भुवानी, अवधेश, संतोषी, सावित्री, शीलारानी, गेंदारानी, फूलारानी, भगवती सहित आधा सैकड़ा जरूरतमंदों को राहत पैकेट दिए।
रोशनपुरा गांव में सुबह से ही जरूरतमंद पैकेट लेने के लिए पहुंच गए। संकट में राहत पैकेट मिलने पर गरीबों ने खुशी जताई। पैकेट में पांच किलो आटा, तीन किलो चावल, दो किलो आलू, एक किलो दाल, आधा लीटर तेल, एक नमक का पैकेट, एक टोस्ट का पैकेट, दो पारलेजी बिस्किट दिए गए। कैलाश गोस्वामी, ज्योति ने पैकेट वितरित कराए।