महोबा में कबरई थाना के उटियां गांव में नहाने के लिए पानी लाने से मना करने पर जेठ ने बहू के पेट में चाकू घोंप दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका की पुत्री की तहरीर पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
उटियां गांव निवासी बेवा जयंती (45) के पति परमात्मादीन की छह साल पहले मौत हो गई थी। वह मेहनत मजदूरी करके अपने चार बच्चों पुत्री मंजू (18), संजू (16) व दो पुत्र दुर्गेश (13) और लवलेश (10)का भरण-पोषण कर रही थी। कुछ दिन पहले उसका जेठ भगवानदीन दिल्ली से घर लौटा था।
पुत्री मंजू ने बताया कि रविवार की रात करीब दस बजे बड़े पापा (भगवानदीन) ने नहाने के लिए उससे हैंडपंप से पानी भरकर लाने को कहा। रात का समय होने के चलते मम्मी ने पानी लाने से मना कर दिया। इससे नाराज पड़े पापा ने चाकू से पेट पर हमला कर दिया और मारपीट की।
गंभीर हालत में महिला को देवर बब्लू द्वारा जिला अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मंजू की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी भगवानदीन के खिलाफ गाली-गलौज व गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।