महोबा। जिले में चल रही नमकीन और चिप्स की फैक्टरियों में बन रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तीन फैक्टरियोंं का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखी। तेल की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर तीन सैंपल लिए।
सहायक आयुक्त जय प्रकाश तिवारी व खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार मिश्र ने नमकीन, बूंदी, चिप्स, पापड़ की फैक्टरियों में छापा मारकर कार्रवाई की। उन्होंने प्रयोग किए जा रहे तेल की गुणवत्ता को परखा। तीनोंं स्थानों पर कई दिन पुराना तेल होने की आशंका हुई। इस पर उन्होंने नमूने लिए, इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
जांच में नमूना फेल होने पर संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके बाद टीम ने हाथ ठेलिया दुकानों में समोसा, जलेबी आदि बनाकर बेचने वाले लोगों को समझाया गया कि खाद्य पदार्थ बनाने में तेल को तीन बार से अधिक गर्म करके उपयोग न करें। अन्यथा कि स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।