महोबा। मारपीट की अलग-अलग घटनाओंं में दबंगों ने दंपती समेत आठ लोगों को पीटकर घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घायलों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा है।
कस्बा श्रीनगर के भैरवगंज निवासी रवि अहिरवार का परिवार के ही जमुना प्रसाद से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर जमुना प्रसाद ने अपने बेटे संतोष, उत्तम व अर्जुन के साथ मिलकर रवि पर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बचाने दौड़ी पत्नी सोनिया, भाई ईसू व जगतरात और मां विरोला को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने चारोंं आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दूसरी घटना में महोबकंठ निवासी अशोक ऑटो से कस्बा पनवाड़ी जा रहा था। तभी कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया और लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने साहब अली, साहिल और अफसर अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
तीसरी घटना में कोतवाली क्षेत्र के पचारा गांव निवासी सियाराम कुशवाहा सुबह खेत गया था जबकि उसकी पत्नी रामरती घर पर थी। तभी परिवार के ही भारत कुशवाहा, दीपक व रामकली ने घर में घुसकर रामरती की मारपीट कर दी। इससे उसका एक हाथ टूट गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एक अन्य घटना में कबरई निवासी सुनील सेन घर के दरवाजे पर बैठा था। तभी पड़ोसी बल्लू साहू अपने साथियों के साथ वहां पहुंचकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बल्लू साहू, हरीराम व भोला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, दूसरे पक्ष के बल्लू साहू ने सुनील पर मारपीट का आरोप लगाया है।