महोबा। प्रदेश सरकार के बजट में जनपद महोबा को बड़ी सौगात मिली है। महोबा में जिला ग्राम्य विकास संस्थान का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही जिला उपभोक्ता आयोग और मध्यस्थता केंद्र (मीडिएशन सेंटर) का भी निर्माण होगा। बजट में बुंदेलखंड विकास निधि के लिए 350 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही प्रदेश स्तर पर की गई घोषणाओं का लाभ भी जनपद महोबा के लोगों को मिलेगा।
प्रदेश सरकार के बजट को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। बुधवार को बजट के दौरान लोग टीवी के सामने मौजूद रहे और बजट की घोषणाओं को देखते रहे। महोबा के लिए जिला ग्राम्य विकास संस्थान की घोषणा को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जिला ग्राम्य विकास संस्थान जिले के स्तर पर गरीबी उन्मूलन और ग्रामीण विकास कार्यक्रमों को लागू करने वाली एक मुख्य एजेंसी होती है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन स्तर में सुधार करना, उन्हें सशक्त बनाना और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
यह केंद्र और राज्य सरकारों की विभिन्न योजनाओं स्वरोजगार, आवास, बुनियादी सुविधाएं का क्रियान्वयन करती है और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर केंद्रित होती है।
बजट में जनपद महोबा में जिला ग्राम्य विकास संस्थान की घोषणा की गई है। महोबा समेत प्रदेश के आठ जनपदों के लिए बजट में 10 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। साथ ही बजट में जिला उपभोक्ता आयोग के भवन व मीडिएशन सेंटर के निर्माण के लिए भी घोषणा की गई है। इसके लिए जनपद महोबा समेत प्रदेश के 10 जिलों में 12.50 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।