डॉ. रामसेवक चौरसिया के पान बरेजे को करीब से देखते डिप्टी सीएम।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। जिला के दौरे पर आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पान बरेजों वाले क्षेत्र में बिजली लाइन खिंचवाकर किसानों को कनेक्शन दिलाने का आश्वासन दिया। बरेजों के रास्तों पर कब्जा की शिकायत पर नाराजगी जताई। एसपी सुधा सिंह को कब्जा हटवाने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री छोटी चंद्रिका स्थित डॉ. रामसेवक चौरसिया के पान बरेजा का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने बरेजे में देशावरी पान की उपज की जानकारी ली। इस दौरान पान की उपज करने वाले किसानों ने बताया कि केरोसिन न मिलने से मशीनें नहीं चल पा रही हैं। किसानों ने बरेजो वाले क्षेत्र में बिजली लाइन खिंचवाने की मांग रखी। जिस पर डिप्टी सीएम ने बिजली विभाग को प्रस्ताव बनाकर लाइन खिंचवाने के निर्देश दिए।
किसान जागेश्वर, विनोद कुमार, राजकुमार, दिनेशचंद्र, राजा, गनेश चौरसिया आदि ने बताया कि विभाग से निजी भूमि पर बरेजा बनाने पर सब्सिडी मिलती है। किराये की भूमि पर बरेजा लगाने पर भी सब्सिडी मिल जाए तो किसानों की आय में बढ़ोतरी हो जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने डिप्टी डायरेक्टर उद्यान को इस बिंदु पर कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पान किसान सभी समस्याओं को लिखकर दें, उनका हाल कराया जाएगा।