फोटो 06 एमएएचपी 15 परिचय-मकान में बिजली गिरने से इस तरह गिरा छत का मलबा। संवाद
पनवाड़ी (महोबा)। ब्लॉक पनवाड़ी के किल्हौवा गांव में एक किसान के मकान की दीवार में बिजली गिरने से इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण फुंक गए। साथ की छत का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में पीड़ित को हजारों का नुकसान हुआ है। मामले की सूचना राजस्व विभाग को दी गई है।
किल्हौवा गांव निवासी किसान रामकृपाल राजपूत रविवार की रात करीब 10 बजे अपने परिवार के साथ कमरे में था। उसी समय आसमान में बादल छाने के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसी दाैरान अचानक तेज गड़गड़हाट के साथ मकान की एक दीवार पर बिजली गिर गई। इससे परिजन सहम गए। बिजली गिरने से घर में मौजूद टीवी, फ्रिज, वाॅशिंग मशीन समेत विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण फुंक गए।
पीड़ित ने जब छत पर जाकर देखा तो छत का कुछ भाग क्षतिग्रस्त मिला। मौसम साफ होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। पीड़ित ने घटना की सूचना राजस्व विभाग के अधिकारियों को देते हुए घटना में हुई क्षति का आकलन कराकर सरकारी सहायता दिलाए जाने की मांग की है।