शहर में हुई बारिश से जहां नगर वासियों को गर्मी से राहत मिली, वहीं पालिका प्रशासन द्वारा सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। नाला नालियों की सफाई न होने से जल निकासी न हो पाने के कारण जगह-जगह नाले नालियों का गंदा पानी सड़कों पर भर जाने से राहगीरों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
मंगवार की शाम आई तेज आंधी के साथ हुई बारिश से मौसम खुशगवार हो जाने से लोगों को गर्मी से राहत तो मिल गई है। लेकिन गंदगी और जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को समस्याओं को सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका परिषद ने अभियान चलाकर शहर के नाले नालियों की सफाई व निर्माण कार्य के नाम पर लाखों रुपये व्यय कर दिए लेकिन नाले नालियों गंदगी और मलवे से भरे पड़े हैं। नालों से जल निकासी न हो पाने के कारण शहर में जगह जगह पानी भर गया है ।
मेन बाजार, ऊदल चौक, सुभाष चौक, परमानंद चौराहे में एक-एक फिट गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। गड्ढों में पानी भर जाने से दो पहिया वाहन चालक छोटे छोटे स्कूली बच्चे साइकिल से निकलते समय गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे है। जिसके बाद भी पालिका प्रशासन गड्ढों को ठीक कराने की जहमत नहीं उठा रही हैं।