महोबा। शहर के समदनगर में एक नवविवाहिता का शव मकान के कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के भाई ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर बहन को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पति समेत 9 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कस्बा श्रीनगर के मोहल्ला दाऊपुरा निवासी वनमाली सेन ने पुत्री मोहिनी की शादी डेढ़ वर्ष पहले शहर के समद नगर निवासी राकेश कुमार सेन के साथ की थी। शादी के समय मांग के अनुसार भरपूर दान दहेज दिया था, लेकिन शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग और दहेज की मांग को लेकर मोहिनी को प्रताड़ित करते हुए मारपीट करने लगे। गुरुवार की रात मोहिनी का शव मकान के कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता मिला। मृतका के भाई सुरेंद्र सेन ने बहन की ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। मृतका के भाई की तहरीर पर शहर कोतवाली में पति राकेश सेन, ससुर गंगाचरण, सास भाग्यवती, जेठ कल्लू, लल्लू, ननद रामश्री व कविता समेत 9 लोगों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी विजय कुमार का कहना है कि जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कारण स्पष्ट हो सकेंगे।