महोबा। भूमि संरक्षण अधिकारी दिनेश कुमार यादव पर फिरोजाबाद में तैनाती के दौरान 56.55 लाख रुपये गबन किए जाने का मामला उजागर होने के बाद जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह के आदेश पर मुकदमा दर्ज होने के बाद गुरुवार को भूमि संरक्षण अधिकारी, लखनऊ निकल लिए।
तीन माह पहले फिरोजाबाद से दिनेश कुमार यादव स्थानांतरण पर सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में भूमि संरक्षण अधिकारी के पद पर महोबा आए थे। फिरोजाबाद में भूमि संरक्षण अधिकारी के पद पर रहते हुए प्रक्षेत्र विकास योजना के सरकारी पैसे को निजी खाते में भेजकर 56.55 लाख रुपये का गबन किया था। उनके पास गोंडा, संत रविदास नगर, इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद का चार्ज है। इस कारण वह महोबा में कार्य के प्रति रुचि नहीं दिखा रहे थे। गुरुवार को उनके विरुद्ध कार्रवाई के बाद कार्यालय में कामकाज नहीं हुआ। इतना ही नहीं, मंत्री ने उनके सारे विभागीय अधिकार सीज कर दिए हैं। कर्मचारी भी शांत बैठे रहे। भूमि संरक्षण अधिकारी दिनेश कुमार यादव से कई बार फोन पर संपर्क करना चाहा, लेकिन बात नहीं हो सकी।