दंगल में दावपेंच दिखाते पहलवान
- फोटो : MAHOBA
खन्ना (महोबा)। विकासखंड कबरई के मवईखुर्द गांव में चल रहे तीन दिवसीय मेले के दूसरे दिन रविवार को दंगल हुआ। इसमें खन्ना के संजय पहलवान ने सैफई के बंटी पहलवान को धोबी पछाड़ दांव से धूल चटाई। वहीं महिला पहलवानों की कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही। कांटे के मुकाबले में चंडीगढ़ की बाटी पहलवान ने हरियाणा की ज्योति को हराया। दंगल में विजयी पहलवानों को नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।
दंगल का शुभारंभ भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने किया। बांदा के पहलवान प्रदीप ने कानपुर के मुन्ना को चित किया। चंडीगढ़ के परजीत ने पन्ना के मोनू को पटकनी देकर कुश्ती जीती। कुसरमा के हुकुम सिंह ने प्रयागराज के आकाश को हराया। कानपुर के ओमवीर ने इंगोहटा के मान सिंह को शिकस्त दी। इसके अलावा मसगांव के मेघराज ने जालौन के घनश्याम, मथुरा के विवेक ने आगरा के राहुल को हराकर कुश्ती जीतीं। जालौन के भरत व पटियाला के वीरेंदर और प्रयागराज के आकाश व टेड़ा के वीरेंद्र के बीच हुईं कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। विजेता पहलवानों को 2100 से लेकर 31 हजार रुपये तक का नगद इनाम दिया गया। इस मौके पर आयोजक विपिन सिंह, मानसिंह यादव, अमरीश सिंह के अलावा सैकड़ों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।