जन आरोग्य मेले का फीता काटकर उदघाटन करते डीएम
- फोटो : MAHOBA
श्रीनगर (महोबा)। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कस्बा श्रीनगर के राजा मोहन सिंह किला व तालाब के आसपास पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के तहत कराए जाने वाले विकास कार्यों के लिए चयनित स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने राजा मोहन सिंह दुर्ग पर 92 लाख रुपये से होने वाले सुंदरीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि पत्थर चाहरदीवारी बनाकर सुंदरीकरण का कार्य कराया जाए। उन्होंने 28 एकड़ क्षेत्रफल में फैले राजा मोहन सिंह तालाब को देखा। तालाब के किनारे लाखों की लागत से बैठने के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया और शीघ्र कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद डीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित जन आरोग्य मेले का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि विकासखंड स्तर पर लगने वाले मेलों में मरीजों की जांच कर दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मेले में 65 मरीजों का पंजीयन कर शुगर व ब्लड प्रेशर के मरीजों की जांच कर दवाएं दी गई। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज कांत सिन्हा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमित दीक्षित, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अरविंद पाठक मौजूद रहे।
आरोग्य मेले में मरीजों की हुई जांच
खरेला (महोबा)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरेला में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का शुभारंभ भाजपा महामंत्री अवधेश गुप्ता व मंडल अध्यक्ष अभिषेक पाठक ने किया। पीएचसी प्रभारी गौरव पटेल, डॉ. आनंद राजपूत, डॉ. इफ्तिखार खान व डॉ. चेतना गुप्ता ने 40 मरीजों की जांच कर दवाएं दी। 14 बच्चों व 7 महिलाओं की भी जांच की गई। इस दौरान आयुष्मान भारत योजना के तहत 20 लाभार्थियों के कार्ड बनाए गए। सीडीपीओ यास्मीन जहां, सुपरवाइजर अशोक कुमारी ने गर्भवती महिलाओं को पोषाहार बांटा। वहीं जैतपुर ब्लाक के खमा गांव में आयोजित आरोग्य मेले में 100 से अधिक मरीजों की जांचकर दवाएं दी गईं। (संवाद)