हमीरपुर। फिटगवा टी 20 टीचर्स प्रीमियर लीग के दो मुकाबले इंडसवैली स्पोर्ट्स ग्राउंड राठ में खेले गए। पहले मैच में राइजिंग स्टार कुरारा की टीम ने प्रखर के शतक की बदौलत राठ सुपर किंग्स को छह विकेट से पराजित किया। वहीं दूसरे मैच में गोहांड ने मुस्करा को 28 रनों से हराया।
रविवार को पहले मैच में राठ सुपर किंग्स टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। पारी की शुरुआत सोहित सोनकर व आकाश ने की। दोनों ने ही सूझबूझ से बल्लेबाजी की। सोहित ने 26 गेंद में 57 रन बनाकर अरविंद की गेंद पर प्रखर को कैच थमाकर आउट हुए। इसके पहले आकाश भी अरविंद की गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हुए। आशीष ने 19 गेंदों में 19 रन बनाए और अरविंद ने का शिकार हो गए। श्रीकांत व अमित कुछ खास नहीं कर पाए। प्रवीन कुमार ने 28 गेंदों पर 52 रन की जोरदार पारी खेली। 19.2ओवर में टीम 172रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
कुरारा टीम की ओर से अरविंद और शैलेंद्र कुमार ने तीन तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राइजिंग स्टार कुरारा की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरे ओवर में ही बालेंद्र सिंह एक रन बनाकर रन आउट हो गए।तीसरे ओवर में दूसरे ओपनर अमित सिंह आठ रन बनाकर आशीष की गेंद पर प्रवीन को कैच दे बैठे। अगली ही गेंद पर कप्तान भी बगैर खाता खोले आउट हो गए।
तीन विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। इसके बाद बल्लेबाजी को आए प्रखर ने अशोक पाल के साथ धैर्य से बल्लेबाजी की। अशोक 22 रन बनाकर आउट हुए तो फिर आलोक ने 33 रन की नाबाद पानी खेली। प्रखर ने 54 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाकर टीम को छह विकेट से जीत दिला दी। प्रखर को मैन ऑफ दी मैच का पुरस्कार दिया गया।
दूसरे मैच में गोहांड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संजय राजपूत के 85 रन एवं राकेश कुमार 56 रन की बदौलत 20 ओवर में 197 रन बनाए। वरुण कुमार, प्रभात द्विवेदी, और समीर ने दो दो विकेट लिए। जवाब में मुस्करा टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रभात के 61रनों के बावजूद 169 रन पर ऑल आउट हो गई। गोहांड ने 28 रनों से मैच जीत लिया।