चरखारी (महोबा)। कस्बा चरखारी में चल रहे अखिल भारतीय हाॅकी टूर्नामेंट के चौथे दिन तीन मुकाबले हुए। इसमें दिल्ली, करमपुर और लखनऊ की टीमों ने जीत दर्ज की। हॉकी मैच देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटी रही।
अखिल भारतीय हाकी टूर्नामेंट के चौथे दिन का पहला मैच दिल्ली और प्रयागराज के बीच हुआ। दोनों ही टीमें पहले हाफ में बढ़त बनाने के लिए संघर्ष करती नजर आईं। खेल के 20वें मिनट में दिल्ली के पंकज ने शानदार फील्ड गोल दागते हुए टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ के चौथे मिनट में दिल्ली के लतीफ ने एक गोल किया। मैच के अंतिम क्षणों में दिल्ली के सागर यादव ने गोल किया। इसी के साथ दिल्ली की टीम ने प्रयागराज को 3-0 से हराया। दूसरा मैच डीएचए सुल्तानपुर और करमपुर के बीच खेला गया।
मैच के पहले हाफ के 14वें मिनट में सुल्तानपुर के लकी ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। एक गोल से पिछड़ने के बाद करमपुर की टीम के खिलाड़ी चौकन्ना हो गए। खेल के 16वें मिनट में करमपुर के खिलाड़ी दिलीप राजभर ने गोल कर अपनी टीम को बराबरी पर खड़ा कर दिया। खेल के 17वें मिनट में समीर यादव ने, 44वें मिनट में दिलीप राजभर व 51वें मिनट में मुनीत ने गोल करते हुए करमपुर की टीम को 4-1 से जीत दिलाई। इस मैच में मो. जावेद, जावेद खान, सुनील चौधरी व अल्ताफ रेफरी रहे।
तीसरा मैच स्थानीय टीम जीआरएस ग्रुप चरखारी और लखनऊ के बीच हुआ। लखनऊ की टीम ने पेनाल्टी कार्नर के माध्यम से पहला गोल करते हुए बढ़त हासिल की। इसके बाद लखनऊ की टीम ने दो गोल और किए। इसी के साथ लखनऊ की टीम ने चरखारी को 3-0 हराया।
मुख्य अतिथि के रूप मे पहुंचे चरखारी विधायक डॉ. बृजभूषण राजपूत ने चरखारी के आयोजकों की सराहना की और हाॅकी फील्ड को सजाने व संवारने का भरोसा दिया। उन्होंने चहारदीवारी की मरम्मत, दर्शकों के लिए स्टेप, खेल मैदान का गेट व मैदान में लाइटिंग कराए जाने की घोषणा की।