उत्तर प्रदेश परिवहन निगम का कुलपहाड़ सब डिपो तीन माह से बंद चल रहा है। अव्यवस्था के चलते डिपो पर बसों की जानकारी देने वाला कोई नहीं है। जिससे मजबूरन लोगों को डग्गामार वाहनों में यात्रा करना पड़ रहा है। जिससे रोडवेज बसों को नाम मात्र की ही सवारियां मिल रही हैं।
बेहतर आवागमन की सुविधा का दावा करने वाले रोडवेज महकमे की हकीकत की पोल कुलपहाड़ रोडवेज ने खोल दी है। यहां पर स्थापित रोडवेज बस डिपो तीन माह से बंद पड़ा है। डिपो में टिकट वितरण के लिए विभाग ने लाखों रुपये खर्च कर टिकट विंडो का निर्माण कराया था। कुछ समय तक तो विंडो चालू रही लेकिन बाद में बंद कर दी गई। डिपो के अंदर जगह-जगह बड़े बड़े गड्ढे होने के कारण पानी भरा रहता है।
जिससे बसे डिपो न जाकर सड़कर पर ही खड़ी हो रही है। रोडवेज बस स्टेशन का संचालन ठप होने से दूर दराज के यात्री परेशान है। कस्बे के अनिल कुमार मिश्रा, राकेश कुमार, संजू, कृष्ण कुमार, दिलीप सिंह सहित तमाम नागरिकों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर तीन माह से बंद पड़े परिवहन डिपो को पुन: खुलवाए जाने की मांग की है। एआरएम ने बताया कि डिपो को शीघ्र चालू कराया जाएगा। डिपो में जो कमी है उसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा रहा है ताकि धन स्वीकृत हो सके।