राशन सामग्री वितरण करने में अनियमितताएं किए जाने व वितरण में घटतौली किए जाने की शिकायत पर जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता ने एक कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है जबकि दो दुकानों को निरस्त कर दिया, वहीं एक कोटेदार की 10250 रुपये की जमानत राशि जब्त कर ली।
जिले में राशन की दुकानों में अनियमितताएं किए जाने, समय पर वितरण न करने और घटतौली की शिकायत पर जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर ग्राम ढिकवाहा और बम्हौरी की राशन की दुकानों की जांच की गई, जहां पर अनियमितताएं पाए जाने पर दोनाें राशन की दुकानों को निरस्त कर दिया गया। वहीं बहादुरपुरा के कोटेदार द्वारा अनियमितता पाए जाने पर उसकी 10250 रुपये की जमानत राशि जब्त कर ली गई है । जबकि बेलाताल के कोटेदार नरगिस को नोटिस जारी किया गया। जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह द्वारा गोद लिए गए पसवारा के कोटेदार रामप्रकाश चंसौरिया के द्वारा भी अनियमितताएं किए जाने पर उसके खिलाफ कोतवाली महोबा में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। जिला पूर्ति विभाग द्वारा चलाए गए अभियान से कोटेदारों में खलबली मच गई है।