महोबा। तहसील कुलपहाड़ के विजयपुर गांव में कोटेदार द्वारा कार्डधारकों के अंगूठा लगवाकर राशन न दिए जाने के मामले में सरकारी राशन दुकान को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विजयपुर गांव में नृपत सिंह के नाम सरकारी राशन की दुुकान है। कुछ दिन पहले 24 कार्डधारकों ने कोटेदार पर जबरन अंगूठा लगवाने और राशन न देने की शिकायत जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से की थी। मामले की जांच एसडीएम सुथान अब्दुल्ला को सौंपी गई थी। एसडीएम ने जांच में कोटेदार को दोषी पाया। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को कार्रवाई के आदेश दिए। डीएसओ के निर्देश पर एआरओ देवीप्रसाद विश्वकर्मा ने कोतवाली कुलपहाड़ में कोटेदार नृपत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। साथ ही राशन दुकान निलंबित की गई। एसडीएम ने बताया कि कोरोना काल में जरूरतमंदों को समय से राशन वितरण के आदेश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की मनमानी व लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।